अमृतसर , जून 18 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार संचालित अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 अत्याधुनिक पिस्तौल और आठ कारतूस बरामद किये हैं।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाबजीत सिंह उर्फ प्रिंस, हरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, कुलजीत सिंह, शमशेर सिंह उर्फ शेरा, अमन राणा उर्फ चीनी, शरणजीत सिंह उर्फ सनी और अजय सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

बरामद हथियारों में चार .30 बोर चीनी निर्मित पिस्तौल, चार .30 बोर पीएक्स-5 स्टॉर्म पिस्तौल, एक .30 बोर जिगाना पिस्तौल, एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल (ऑस्ट्रिया निर्मित) तथा एक अन्य 9 एमएम ऑस्ट्रियाई पिस्तौल शामिल हैं।

श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे अवैध हथियार तस्करों और आपराधिक तत्वों के संपर्क में थे। बरामद हथियारों को पंजाब और अन्य क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों तक पहुंचाने की योजना थी, ताकि उनका इस्तेमाल रंगदारी, हिंसक अपराधों और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों में किया जा सके। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और नेटवर्क के आगे तथा पीछे के संपर्कों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाये गये विशेष अभियान के दौरान सबसे पहले गुलाबजीत सिंह उर्फ प्रिंस और हरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो पिस्तौल बरामद किये गये। आगे की जांच के दौरान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से चार पिस्तौल बरामद हुए। उसकी निशानदेही पर कुलजीत सिंह और शमशेर सिंह उर्फ शेरा को गिरफ्तार कर दो और पिस्तौल बरामद किये गये।

पूछताछ के दौरान गुरप्रीत उर्फ गोपी ने खुलासा किया कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के संपर्क में था। उक्त गैंगस्टर अटारी सेक्टर के विभिन्न इलाकों में ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की खेप भेजता था।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने अमन राणा उर्फ चीनी और शरणजीत सिंह उर्फ सनी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो और पिस्तौल बरामद किये। बाद में गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर अजय सिंह को भी गिरफ्तार कर एक पिस्तौल बरामद की गयी।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि हरप्रीत उर्फ प्रीत, गुरप्रीत उर्फ गोपी, शरणजीत उर्फ सनी और अजय सिंह पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट तथा चोरी के मामलों में शामिल रहे हैं।

इस संबंध में अमृतसर के एयरपोर्ट थाना, सदर थाना और छेहरटा थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(8) के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किये गये हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित