अमृतसर , अगस्त 23 -- पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अत्याधुनिक पिस्तौल, मैगजीन और 10 कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी सीमा पार से हथियारों की खेप मंगवाकर पंजाब में आगे सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े थे।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र इकबाल सिंह और गुरप्रीत सिंह पुत्र गुलजार सिंह, दोनों निवासी गांव हवेलियां, तरनतारन के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में नौ 9 एमएम पिस्तौल और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल है। पुलिस ने हथियारों की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही ग्रे रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
डीजीपी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे। वे कथित तौर पर सीमा पार से अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर पंजाब में अन्य लोगों तक पहुंचाते थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट गांव हवेलियां के इलाके में ड्रोन के माध्यम से हथियारों की बड़ी खेप प्राप्त कर चुके हैं और विदेशी हैंडलर के निर्देश पर इसे आगे किसी व्यक्ति को सौंपने वाले हैं। सूचना के आधार पर सीआई अमृतसर की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अमृतसर-अटारी जीटी रोड पर गांव खासा के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 10 पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस अब मामले में हथियारों की आगे और पीछे की पूरी कड़ियों का पता लगाने में जुटी है। जांच के दौरान नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तथा सीमा पार से संचालित तस्करी के व्यापक नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस संबंध में शस्त्र अधिनियम की धारा 25, 25(1)(ए), 25(8) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित