अमृतसर , मई 27 -- पंजाब में अमृतसर आयुक्तालय पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ अत्याधुनिक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी वर्चुअल नंबरों के जरिए विदेश में बैठे एक तस्कर के संपर्क में थे। यह गिरोह ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थों की खेप मंगवाता था, जिन्हें बाद में पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में थाना छेहरटा, अमृतसर में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मामले की गहन जांच जारी है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई नेटवर्क और आगे-पीछे के लिंक का पता लगाया जा सके।

पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में नशा, अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित