अमृतसर , जुलाई 18 -- पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित ड्रग्स और अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.557 किलोग्राम हेरोइन और दो पिस्तौल बरामद किए हैं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। उन्हें सीमा पार से मादक पदार्थ और अवैध हथियारों की खेप प्राप्त होती थी, जिसे वे आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस ने इस संबंध में अमृतसर के इस्लामाबाद और छेहरटा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।

श्री यादव ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है। जांच के दौरान इस नेटवर्क के संपर्कों का पता लगाया जा रहा है तथा इसमें शामिल अन्य आरोपियों और सहयोगियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सीमा पार से संचालित ड्रग्स और हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने दोहराया कि पंजाब को सुरक्षित, संरक्षित और नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित