अमृतसर , अगस्त 16 -- पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक आतंकवादी साजिश को नाकाम करते हुए पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने के लिए तैयार किया गया 690 ग्राम वजनी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किया है। पुलिस ने आईईडी के साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बॉक्स भी बरामद किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि बरामद विस्फोटक सामग्री को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संभाला गया और बम निरोधक दस्ते ने इसे निष्क्रिय कर दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से राष्ट्रविरोधी तत्वों की एक बड़ी साजिश को विफल किया गया है और इससे आम लोगों की सुरक्षा को पैदा होने वाले संभावित खतरे को टाल दिया गया।

इस संबंध में संबंधित थाने में कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस साजिश के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आगे की जांच कर रही है।पंजाब पुलिस ने कहा कि वह राज्य में आतंकी नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध पर अंकुश लगाने तथा शांति, सुरक्षा और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित