अमृतसर , सितंबर 03 -- पंजाब में अमृतसर जिले के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों में पात्र युवाओं को मतदाता के रूप में पंजीकृत करने और उन्हें मतदान के अधिकारके प्रति जागरूक करने के लिए विशेष शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने गुरुवार को कॉलेज प्रबंधनों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य) पल्लवी मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता के रूप में पंजीकरण और चुनाव प्रक्रिया में उसकी सक्रिय भागीदारी मजबूत लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीकरण और उन्हें मतदान के अधिकार के महत्व के बारे में जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों को मतदाता पंजीकरण और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए नौ सितंबर को गुरु नानक देव विश्वविद्यालय में विशेष मेगा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
सुश्री मिश्रा ने बताया कि कॉलेजों में लगाये जा रहे विशेष शिविरों के दौरान पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, पहले से दर्ज मतदाता विवरण के सत्यापन तथा आवश्यक होने पर विवरण में सुधार के संबंध में जानकारी और सहायता दी जाएगी। विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया और उनके मतदान के अधिकार से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कॉलेज प्रबंधनों, शिक्षकों और एसवीईईपी टीमों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश के लोकतांत्रिक भविष्य का महत्वपूर्ण आधार हैं और चुनाव प्रक्रिया में उनकी भागीदारी लोकतंत्र को और मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि जागरूक, सूचित और जिम्मेदार मतदाताओं से ही मजबूत लोकतंत्र की नींव मजबूत होती है। इसलिए युवा पीढ़ी को मतदान के अधिकार के महत्व के बारे में शिक्षित करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना जिला निर्वाचन कार्यालय की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार राजिंदर सिंह कहल, आशु धवन, मनीष कुमार, पंकज कुमारशर्मा तथा एसवीईईपी टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालय अभियान को सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए जागरूकता गतिविधियां नियमित रूप से जारी रहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित