अमृतसर , मई 11 -- पंजाब में अमृतसर के रामदास क्षेत्र स्थित गांव सुधार में रविवार देर रात स्थानीय सरपंच निशान सिंह के घर पर बम जैसी वस्तु फेंककर हमला किये जाने से इलाके में दहशत फैल गयी।

घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आये। घटना के बाद गांव में भय का माहौल बन गया।

कांग्रेस से जुड़े सरपंच निशान सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें नौ मई की दोपहर एक विदेशी नंबर से धमकी भरी कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर जीवन फौजी बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गयी थी। निशान सिंह ने बताया कि घटना के बाद दोबारा फोन कर कहा गया कि दो दिनों के भीतर रकम चाहिए, अन्यथा जान से मार दिया जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गयी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने एकत्र किये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित