अमृतसर , मई 27 -- पंजाब के अमृतसर स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब में बुधवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी, लेकिन सेवादारों और श्रद्धालुओं की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया।

गुरुद्वारा परिसर में लगाये गये शामियानों में अचानक आग लग गयी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। कपड़े में तेजी से आग फैलने के कारण परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गयी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद सेवादारों और श्रद्धालुओं ने बाल्टियों और पाइपों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। करीब 40 से 50 सेवादारों और श्रद्धालुओं ने मिलकर कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान या घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद गुरुद्वारा प्रबंधन ने जले हुए शामियानों को हटाकर नये शामियाने लगाने का काम शुरू कर दिया, ताकि श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था सामान्य की जा सके। सेवादार गुरदियाल सिंह ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। उन्होंने सरकार और प्रबंधन समितियों से ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों पर चौबीसों घंटे अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त पानी की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके। उल्लेखनीय है कि चार दिन पहले यानी रविवार को इसी गुरुद्वारे के लंगर हॉल की शटरिंग गिर गयी थी। इससे पाठ कर रहीं दो महिलाओं की मौत हो गयी थी, जबकि करीब नौ श्रद्धालु घायल हो गये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित