अमृतसर , अगस्त 07 -- राष्ट्रीय कानूनी सेवाएं प्राधिकरण तथा पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं प्राधिकरण, एस.ए.एस. नगर के कार्यकारी चेयरमैन के दिशा-निर्देशों के तहत जिला अमृतसर की अदालतों में 12 सितंबर, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा।

लोक अदालत की तैयारियों को लेकर सचिव-कम-सीजेएम, जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण, अमृतसर अमरदीप सिंह बैंस ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटारा करना है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में धारा 138 एनआई एक्ट के मामले, बैंक रिकवरी केस, श्रम विवाद, बिजली-पानी से संबंधित मामले, नगर निगम एवं नगर कमेटी से जुड़े मामले, सीवरेज, वाटर सप्लाई, हाउस टैक्स, साइट प्लान, सभी प्रकार के सिविल केस, कम गंभीर आपराधिक मामले, वैवाहिक विवाद, मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल मामले तथा इंश्योरेंस क्लेम आदि का निपटारा किया जायेगा।

श्री बैंस ने विभिन्न बैंकों, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से अपील की कि वे अपने अधीन लंबित अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निपटाने के लिए आवश्यक प्रयास करें। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में निपटाये गये मामलों का फैसला अंतिम होता है और ऐसे मामलों में किसी अन्य अदालत में अपील नहीं की जा सकती। लोक अदालत के माध्यम से विवादों का निपटारा होने से लोगों के समय और धन दोनों की बचत होती है। साथ ही दोनों पक्षों के बीच आपसी सद्भावना बनी रहती है और किसी भी पक्ष को जीत या हार की भावना नहीं होती। उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले का निपटारा लोक अदालत के माध्यम से हो जाता है तो उस मामले के संबंध में जमा की गई कोर्ट फीस भी नियमानुसार वापस कर दी जाती है।

सचिव, जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण ने जिले के लोगों से अपील की कि जो व्यक्ति अपने विवादों का निपटारा आपसी सहमति से राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से करवाना चाहते हैं, वे संबंधित अदालत अथवा सचिव, जिला कानूनी सेवाएं प्राधिकरण, अमृतसर के कार्यालय में अपनी अर्जियां जमा करवा सकते हैं। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपने लंबित मामलों का शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटारा करवाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित