अमृतसर , जून 23 -- फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव (एफएआई) और अमृतसर विकास मंच (एवीएम) ने मंगलवार को श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर इनलाइन होल्ड बैगेज हैंडलिंग सिस्टम के संचालन शुरू होने का स्वागत करते हुए इसे यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और लंबे समय से प्रतीक्षित सुविधा बताया है।
संयुक्त बयान में फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव के भारत संयोजक एवं अमृतसर विकास मंच के महासचिव योगेश कामरा तथा फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव के वैश्विक संयोजक समीप सिंह गुमटाला ने इस सुविधा को शुरू करने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और एयरपोर्ट निदेशक भूपेंद्र सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नयी प्रणाली विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों, बुजुर्गों और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले परिवारों के लिए चेक-इन प्रक्रिया को अधिक आसान और सुविधाजनक बनाएगी।
श्री गुमटाला ने बताया कि पहले यात्रियों को चेक-इन क्षेत्र के पास ट्रॉली से सामान उतारकर अलग एक्स-रे मशीन से उसकी जांच करवानी पड़ती थी। जांच के बाद सामान को दोबारा ट्रॉली पर रखकर एयरलाइन काउंटर तक ले जाना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों अधिक लगते थे। उन्होंने कहा कि अब इनलाइन होल्ड बैगेज हैंडलिंग सिस्टम शुरू होने के बाद यात्री सीधे एयरलाइन चेक-इन काउंटर पर पहुंच सकेंगे। एयरलाइन द्वारा सामान स्वीकार किये जाने के बाद उसकी आंतरिक जांच और छंटाई स्वचालित प्रणाली के माध्यम से होगी। इससे मैनुअल हैंडलिंग कम होगी, समय की बचत होगी और यात्रियों को अधिक सहज अनुभव मिलेगा।
श्री कामरा ने कहा कि इस सुविधा की लंबे समय से मांग की जा रही थी और एयरपोर्ट सलाहकार समिति में भी यह मुद्दा लगातार उठाया गया था। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रणाली निरंतर सुचारू रूप से संचालित होगी और यात्रियों की सुविधा में और सुधार लाएगी।
दोनों संगठनों ने वर्तमान एयरपोर्ट प्रबंधन के नेतृत्व में लागू की गयी अन्य यात्री सुविधाओं की भी सराहना की। इनमें डिजीयात्रा, फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन सुविधा (एफटीआई-टीटीपी), उड़ान यात्री कैफे, फ्लाईब्रेरी, नये फूड आउटलेट, बेहतर वाई-फाई सेवा तथा एयरपोर्ट पहुंच मार्ग का सौंदर्यीकरण शामिल हैं।
उन्होंने हालांकि कहा कि पंजाब के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अभी और सुधार किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने व्यस्त समय में सुरक्षा जांच काउंटरों की संख्या बढ़ाने, टर्मिनल क्षमता का विस्तार करने, ग्राहक सेवा मानकों में सुधार और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की।
संगठनों ने कस्टम विभाग में ग्रीन चैनल व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की भी मांग की, ताकि सामान प्राप्त करने के बाद यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों और परिवारों को दोबारा लंबी कतारों में खड़ा न होना पड़े। उन्होंने कहा कि जब एक साथ दो या तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पहुंचती हैं, तब अतिरिक्त काउंटर और स्कैनर संचालित किये जाने चाहिए। इसके अलावा, एयरपोर्ट पर पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ क्षेत्रों को अधिक व्यवस्थित बनाने, सीसीटीवी निगरानी के तहत अलग लेन विकसित करने, दिव्यांग एवं व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं के लिए विशेष स्थान चिह्नित करने तथा 24 घंटे सहायता केंद्र स्थापित करने की मांग भी की गयी। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रॉली की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ड्रॉप लेन और पार्किंग क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में ट्रॉलियां रखी जायें तथा उनकी निगरानी सीसीटीवी के माध्यम से की जाये। यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर ट्रॉली स्टैंड और बड़े दिशा-सूचक बोर्ड भी लगाये जाने चाहिए।
फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव और अमृतसर विकास मंच ने कहा कि जहां एयरपोर्ट अथॉरिटी और प्रबंधन हवाई अड्डे की सुविधाओं को लगातार बेहतर बना रहे हैं, पंजाब सरकार को भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए अमृतसर एयरपोर्ट के लिए सस्ती और प्रभावी सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने राज्य के प्रमुख शहरों और जिलों से एयरपोर्ट तक समर्पित बस सेवाएं शुरू करने की मांग की, ताकि यात्रियों को सुविधा मिले, उड़ानों को अधिक यात्री मिलें और दिल्ली जैसे दूरस्थ हवाई अड्डों पर निर्भरता कम हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित