नयी दिल्ली , मई 13 -- अमूल और मदर डेयरी ने गुरुवार से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है।
मदर डेयरी के एक प्रवक्ता ने बुधवार को मीडिया को जारी बयान में कहा कि 14 मई से दूध के सभी वेरिएंट के उसके उपभोक्ता मूल्य दो रुपये प्रति लीटर बढ़ जायेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीदने की लागत छह प्रतिशत बढ़ी है जिसके कारण दूध के दाम बढ़ाने जरूरी हो गये थे।
बयान में कहा गया है कि बढ़ी हुई लागत का एक आंशिक बोझ ही उपभोक्ताओं पर डाला गया है। प्रवक्ता ने यह भी कहा है कि दूध की बिक्री से प्राप्त कुल राजस्व में से 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे किसानों को मिलता है।
मदर डेयरी का टोकन दूध अब 56 रुपये की जगह 58 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। फुल क्रीम दूध की कीमत अब 72 रुपये, टोंड दूध की 60 रुपये और डबल टोंड दूध की 54 रुपये प्रति लीटर हो गयी है। मदर डेयरी का एक लीटर काउ मिल्क अब 62 रुपये का और प्रो मिल्क 72 रुपये का मिलेगा। सभी में दो-दो रुपये की बढ़ोतरी की गयी है।
अमूल ने भी देश भर में अधिकतर श्रेणियों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है। उसने भी इसके लिए किसानों से खरीद की बढ़ी लागत को जिम्मेदार ठहराया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित