पटना , जुलाई 02 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता डा. निहोरा प्रसाद यादव ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उनका बचपन सत्ता, सुविधाओं और शाही माहौल में गुजरा है और उन्हें गरीब कार्यकर्ताओं की पीड़ा की समझ नही है।
श्री यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव राजनीतिक सुविधा के लिए खुद को गरीब परिवार का बेटा बताने की कोशिश करते हैं , लेकिन बिहार की जनता अच्छी तरह जानती है कि उनका पूरा जीवन ऐशो-आराम के बीच बीता है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को राजनीति में पहचान बिना संघर्ष के मिली है और संगठन के स्तर पर उन्होंने पसीना नही बहाया है। उन्हें अपने पिता की तैयार राजनीतिक विरासत आसानी से मिल गई है।
जदयू के प्रवक्ता ने कहा कि श्री यादव को के उन हजारों कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का मूल्य नहीं मालूम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का स्थापना दिवस 05 जुलाई को मनाया जाता है, लेकिन इस बार इसे एक जुलाई को इसलिए मनाया गया, क्योंकि श्री यादव को गर्मियों में भ्रमण पर जाना है।
जदयू प्रवक्ता श्री यादव ने कहा कि राजद के स्थापना दिवस पर उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता का सार्वजनिक मंच से यह कहना कि तेजस्वी यादव कार्यकर्ताओं से मिलने तक का समय नहीं निकालते, इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि पार्टी के भीतर भी उनके व्यवहार को लेकर नाराजगी है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के नेता खुलेआम असंतोष जाहिर कर रहे हैं तो कार्यकर्ताओं की क्या हालत होती होगी इसे समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि राजद के अंदर अंदरूनी कलह बहुत बढ़ गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित