चंडीगढ़ , अगस्त 11 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि ये नेता जनता के मुद्दों पर राजनीति और हंगामा तो करते हैं, लेकिन गंभीर मुद्दों पर संसद में बहस का मौका मिलने पर चर्चा से पीछे हटते दिखाई देते हैं।

श्री ढिल्लों ने कहा कि संसद का सत्र चल रहा है, लेकिन श्री गांधी सदन के भीतर मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय संसद के बाहर हंगामा करना पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसद का प्रत्येक मिनट और जनता के पैसे का एक-एक रुपया महत्वपूर्ण है। संसदीय कार्यवाही बाधित करना और सार्वजनिक धन तथा बहुमूल्य समय को बर्बाद करना कांग्रेस की गैर-जिम्मेदार राजनीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी लगातार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से विभिन्न मुद्दों पर जवाब मांग रहे थे, जबकि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने स्पष्ट किया है कि श्री शाह संसद में हर सवाल और हर मुद्दे का जवाब देने के लिए तैयार हैं। इसके बावजूद कांग्रेस के सदस्यों का सदन से बाहर चले जाना यह दर्शाता है कि कांग्रेस मुद्दों का समाधान चाहने के बजाय राजनीतिक नाटक करने में अधिक रुचि रखती है।

श्री ढिल्लों ने झारखंड के रांची में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों और रोजगार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किये जाने की खबरें सामने आयी हैं, वे चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को रोकने के लिए कंटीले तार, आंसू गैस, वाटर कैनन और लाठीचार्ज के इस्तेमाल की खबरों ने गंभीर सवाल खड़े किये हैं। श्री ढिल्लों ने सवाल किया कि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार होने के बावजूद श्री गांधी और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल रांची की घटना पर चुप क्यों हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों के अधिकारों की बात करना और राजनीतिक सहयोगी की सरकार में छात्रों पर कार्रवाई होने पर चुप रहना विपक्षी दलों के दोहरे मापदंड को दर्शाता है।

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि जब भी युवा, कर्मचारी, किसान, मजदूर और शिक्षक अपने अधिकारों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते हैं, तो सरकार कथित तौर पर बल प्रयोग का सहारा लेती है। उन्होंने कहा कि पंजाब में पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों ने युवाओं के भविष्य और सरकारी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े किये हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस, राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी की राजनीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के विरोध तक सीमित होकर रह गयी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार का विरोध करने का पूरा अधिकार है, लेकिन देश के विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक बहस में भाग लेना उसकी जिम्मेदारी भी है।

श्री ढिल्लों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झारखंड के छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और छात्रों की आवाज दबाने के किसी भी प्रयास का विरोध करेगी। उन्होंने श्री गांधी को संसद में बहस से पीछे न हटने और झारखंड में छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई पर अपनी चुप्पी तोड़ने की चुनौती दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित