रायपुर , मई 17 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को रायपुर पहुंचे जहां स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया।
श्री शाह अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के तहत 18 और 19 मई को बस्तर (जगदलपुर) दौरे पर पहुंचे हैं । इस दौरान वह सुरक्षा, विकास और प्रशासनिक समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे, बस्तर रवाना होने से पूर्व सोमवार सुबह रायपुर के माना क्षेत्र स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में डायल 112 सेवा का शुभारम्भ करेंगें इस दौरान गृहमंत्री शाह हरि झंडी दिखाकर 400 नए पैट्रोलिंग इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम वाले नए वाहन को रवाना करेंगें।
जिसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार को ही केंद्रीय गृह मंत्री जगदलपुर पहुंचेंगे, जहां से वे वायुसेना के विशेष हेलीकॉप्टर द्वारा नेतानार रवाना होंगे। नेतानार स्थित सीआरपीएफ कैंप में वे जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे तथा ग्रामीणों से सीधा संवाद भी करेंगे।
इसके पश्चात 19 मई को बस्तर के एक निजी होटल में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे।
बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, प्रशासनिक सुधार तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि नक्सलवाद के प्रभाव में उल्लेखनीय कमी के बाद पहली बार बस्तर में इतने बड़े स्तर की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हो रही है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और विकास को लेकर नई संभावनाओं और उम्मीदों को बल मिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित