कोलकाता , अक्टूबर 18 -- केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के चोरबागान सार्वजिनक दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में घायल लोगों से मिलकर रविवार को उनका हालचाल पूछा और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

श्री शाह ने घायलों से मिलने के लिए शहर के ईस्टर्न मेट्रोपॉलिटन बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल का दौरा किया। इस हादसे में 19 लोगों की जान चली गई है।

इस त्रासदी के बाद उन्होंने अपने सभी पूर्व-निर्धारित दुर्गा पूजा पंडाल के दौरे रद्द कर दिए। शनिवार रात कोलकाता पहुंचे श्री शाह ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने रविवार के अपने कार्यक्रमों की शुरुआत कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने घायलों से बातचीत की और उनके इलाज के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उनके परिजनों से भी बातचीत कीकालीघाट के दौरे में गृह मंत्री के साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद थे। इस बीच, कोलकाता पुलिस ने चोर बागान सार्वजिनक पंडाल में अत्यधिक भीड़ के कारण हुई भगदड़ की जांच तेज कर दी है।

इस घटना के सिलसिले में हिरासत में लिए गए 14 लोगों में से पूजा कमेटी के सचिव और उपाध्यक्ष समेत सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित