चंडीगढ़ , नवंबर 01 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन पहुंचे। समारोह में चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया और पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत हुड्डा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर चंडीगढ़ पुलिस की ओर से भव्य परेड का आयोजन किया गया और गृह मंत्री को सलामी दी गई। अमित शाह ने विशेष इलेक्ट्रिक कार्ट में बैठकर परेड का निरीक्षण किया।

चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति सम्मान से नवाजे जाने के उपलक्ष्य में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इसमें हिंदू, सिख, ईसाई और मुस्लिम धर्मों के धर्मगुरुओं ने हिस्सा लेकर प्रार्थना की। राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त करने के बाद पुलिस की परेड टीम वापस लौटी और मंच के सामने से गुजरते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रशासक गुलाबचंद कटारिया तथा डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा को दोबारा सलामी दी।

इस दौरान गृह मंत्री चंडीगढ़ को करीब 258 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित