धार , मई 28 -- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा आदिवासियों को 'वनवासी' कहे जाने के विरोध में मध्यप्रदेश के धार जिले के मनावर में आज आदिवासी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर उनका पुतला फूंका।

प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुनील चौहान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता धार रोड पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने गृहमंत्री के बयान को आदिवासी समाज की संस्कृति, अस्मिता और ऐतिहासिक पहचान पर हमला बताया।

सुनील चौहान ने आरोप लगाया कि 24 मई को दिल्ली में आयोजित 'जनजातीय संस्कृति समागम' कार्यक्रम में गृहमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान आदिवासियों को लगातार 'वनवासी' कहकर संबोधित किया और एक बार भी 'आदिवासी' शब्द का प्रयोग नहीं किया।

उन्होंने कहा कि 'आदिवासी' शब्द समुदाय की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, जबकि 'वनवासी' शब्द के प्रयोग से उनकी ऐतिहासिक पहचान और अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान जिला संगठन मंत्री जगदीश कनेल, जिला उपाध्यक्ष गजानंद सोलंकी, पवन पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश भाटिया, करसन वास्केल, पर्वत अछाले और राजेंद्र बुंदेला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित