हरिद्वार , मार्च 05 -- केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के सात मार्च को प्रस्तावित हरिद्वार दौरे को लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

बैरागी कैंप स्थित कार्यक्रम स्थल पर गुरुवार को मुख्य सचिव आनंद वर्धन , पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और गृह सचिव शैलेश बगोली सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए पंडाल, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की। इसके साथ ही राज्य की विकास यात्रा और नए कानूनों से संबंधित प्रस्तावित प्रदर्शनी की तैयारियों का भी अवलोकन किया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर लिया जाए, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री का यह भ्रमण महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं त्रुटिरहित, सुव्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए।

उन्होंने आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएं।

निरीक्षण के दौरान सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डे, एडीजी अजय प्रकाश अंशुमन, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, एमडी सिडकुल सौरभ गहरवार और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर अपर सचिव मेहरबान सिंह बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, उपजिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार और एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित