हरिद्वार, मार्च 03 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 7 मार्च के प्रस्तावित हरिद्वार भ्रमण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैरागी कैंप पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मंच, पंडाल, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने पुलिस और प्रशासन को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।

मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए। चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाएं और अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा, ताकि आमजन को असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने तैयारियों की जानकारी दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित