पुणे , जुलाई 28 -- महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मोहन जोशी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस के लाठीचार्ज और पेलेट गन के इस्तेमाल पर स्पष्टीकरण देने की मांग करते हुए कहा है कि जवाब नहीं मिलने पर पार्टी एक अगस्त को प्रस्तावित उनके पुणे दौरे का विरोध करेगी।

श्री जोशी ने एक बयान में मंगलवार को कहा कि श्री शाह एक अगस्त को लोकमान्य तिलक पुरस्कार समारोह में भाग लेने के लिए पुणे आने वाले हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्रीय गृह मंत्री छात्रों के खिलाफ हुई कथित पुलिस कार्रवाई पर सफाई नहीं देते हैं तो कांग्रेस उनके दौरे के दौरान जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगी। श्री जोशी ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई में कई छात्र-छात्राएं घायल हुए, जबकि पेलेट गन के इस्तेमाल में एक पत्रकार के भी घायल होने की रिपोर्ट है। उन्होंने दावा किया कि घायल छात्रों को बाद में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी मीडिया के सामने लेकर आए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित