चंडीगढ़ , अक्टूबर 29 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरूवार शाम अंबाला छावनी के गांधी ग्राउंड का दौरा कर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के पांच नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्री शाह अंबाला छावनी में आजादी की पहली लड़ाई के शहीदी स्मारक का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर गांधी ग्राउंड में विशाल जनसभा भी आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री के अंबाला पहुंचने पर परिवहन, ऊर्जा एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने फूल देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री ने रैली स्थल पर चल रही तैयारियों की समीक्षा की।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इसमें मंच निर्माण, सुरक्षा प्रबंध, वीआईपी और वीवीआईपी के आवागमन, बैठने की व्यवस्था तथा पार्किंग सहित अन्य आवश्यक इंतजाम शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित