जालंधर , सितंबर 30 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बुधवार को जालंधर में होने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नशामुक्त पंजाब यात्रा के समापन समारोह से पहले रैली स्थल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गयी हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बुधवार सुबह एक ई-मेल के जरिए रैली स्थल के मंच के नीचे आईईडी रखे होने का दावा किया गया। ई-मेल में शहर के कुछ स्कूलों, श्री देवी तालाब मंदिर और बसों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गयी है। धमकी मिलने के बाद रैली स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है, तथा सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की जांच कररही हैं। रैली स्थल पर पहले से ही डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा दलों की ओर से तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इस बीच, श्री शाह जालंधर पहुंचने के बाद श्री देवी तालाब मंदिर गये और वहां पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह परागपुर स्थित रैली स्थल के लिए रवाना हुए। भाजपा की 13 दिवसीय 'नशामुक्त पंजाब यात्रा' का बुधवार को यहीं समापन होना है। भाजपा के अनुसार, चार मार्गों से निकली यात्रा पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर करीब 4,000 किलोमीटर कीदूरी तय कर जालंधर पहुंची है। परागपुर में होने वाली रैली के लिए करीब 60 एकड़ क्षेत्र में व्यवस्थाएं की गयी हैं। पार्टी नेताओं ने बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का दावा किया है।

श्री शाह रैली को संबोधित करने से पहले नशे से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात करने वाले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित