चंडीगढ़ , अक्टूबर 31 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार शाम चंडीगढ़ पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शनिवार रात उनके ठहरने की व्यवस्था पंचकूला में की गई है। रविवार को वे चंडीगढ़ पुलिस के राइजिंग डे समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में करीब 258 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम में वे पांच हजार से अधिक लोगों को संबोधित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह एक नवंबर को सुबह करीब 10:20 बजे सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइंस पहुंचेंगे। यहां चंडीगढ़ पुलिस के राइजिंग डे समारोह में भाग लेने के बाद दोपहर करीब 1:45 बजे सेक्टर-17 के तिरंगा पार्क पहुंचेंगे।
गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। शनिवार 31 अक्टूबर की रात 8 से 9 बजे तक दक्षिण मार्ग पर एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट से सेक्टर-31 चौक, पूर्व मार्ग पर सेक्टर-31 चौक से ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट और मध्य मार्ग पर ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट से फन रिपब्लिक लाइट प्वाइंट तक पंचकूला की ओर जाने वाले यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
वहीं, रविवार एक नवंबर को सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक शहर में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। मध्य मार्ग पर फन रिपब्लिक लाइट प्वाइंट से मटका चौक तक तथा सेक्टर-16/17 लाइट प्वाइंट से लायंस लाइट प्वाइंट होते हुए तिरंगा पार्क तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित