चंडीगढ़ , अक्टूबर 28 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पांच नवंबर को अंबाला छावनी में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम को समर्पित शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे।

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद गांधी मैदान में विशाल रैली आयोजित की जाएगी। श्री विज ने लोगों से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की। स्मारक छह नवंबर से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

श्री विज ने कहा कि करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस स्मारक में आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास प्रदर्शित किया जाएगा। हरियाणा, पंजाब, बिहार सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए संघर्षों की जानकारी भी मिलेगी। उन्होंने बताया कि स्मारक का भ्रमण करने में लगभग छह घंटे लग सकते हैं।

स्मारक में 68 मीटर ऊंचा कमलाकार टावर, दो हाई-स्पीड लिफ्ट, संग्रहालय और शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए विशेष गैलरी बनाई गई है। परिसर में 2,500 लोगों की क्षमता वाला खुला रंगमंच भी है, जहां शाम को लेजर, प्रकाश और ध्वनि शो आयोजित होगा।

श्री विज ने कहा कि वह पिछले 25-30 वर्षों से स्मारक निर्माण के लिए प्रयास कर रहे थे। वर्ष 2014 में भाजपा सरकार बनने के बाद परियोजना को मंजूरी मिली। उन्होंने दावा किया कि 1857 के विद्रोह में अंबाला छावनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। सरकार ने विद्यार्थियों को स्मारक का भ्रमण कराने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि युवा स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से परिचित हो सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित