रायपुर , जून 08 -- जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी के खिलाफ सोमवार को धार्मिक भावनाएं आहत करने, साक्ष्य मिटाने तथा लोक सेवक को कथित रूप से झूठी जानकारी देकर भ्रमित करने के आरोप में पुलिस प्रशासन को शिकायत सौंपी गई है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आईटी सेल के प्रदेश कार्यालय सहमंत्री शैलेश दीक्षित ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार इस वर्ष 27 मई को बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर श्री जोगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शुभकामना संदेश के साथ एक पोस्टर साझा किया था। आरोप है कि पोस्टर में बकरी के साथ गाय का चित्र भी शामिल था, जिस पर सोशल मीडिया और आम लोगों के बीच आपत्ति जताई गई तथा धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही गई।
शिकायत में कहा गया है कि विरोध बढ़ने के बाद संबंधित पोस्ट को हटाकर दूसरी तस्वीर के साथ नया पोस्ट साझा किया गया। साथ ही आरोप लगाया गया है कि मामले से स्वयं को अलग दिखाने के उद्देश्य से गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही क्षेत्र के एक थाने में कथित रूप से झूठी प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मेटा के सर्वर से पोस्ट की एडिट हिस्ट्री तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही पशु क्रूरता, धार्मिक भावनाएं भड़काने, कूटरचना तथा लोक सेवक को झूठी सूचना देने से संबंधित प्रावधानों के तहत उचित कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
पुलिस की ओर से मामले में जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित