नयी दिल्ली , जुलाई 28 -- क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अमितेश झा ने मंगलवार को तत्काल प्रभाव अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
इंस्टामार्ट की प्रवर्तक कंपनी स्विगी ने मिंत्रा की सीईओ नंदिता सिन्हा को उनकी जगह सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की है। उनकी नियुक्ति 03 अगस्त से प्रभावी होगी।
स्विगी के सह-संस्थापक एवं सीईओ श्रीहर्ष मजेटी को भेजे अपने त्यागपत्र में श्री झा ने लिखा है कि वह कंपनी के बाहर अपना करियर आगे बढ़ाने के लिए इंस्टामार्ट छोड़ रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले समर्थन के लिए स्विगी के शीर्ष प्रबंधन का आभार जताया है।
नंदिता सिन्हा मिंत्रा के अलावा फ्लिपकार्ट, ब्रिटानिया और हिंदुस्तान यूनीलिवर जैसी कंपनियों में काम कर चुकी हैं। उनके पास फैशन, ई-कॉमर्स और एफएमसीजी क्षेत्रों में शीर्ष पदों पर काम करने का अनुभव है। उन्हें बड़े पैमाने पर नवाचार और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली कंपनियां बनाने के लिए जाना जाता है। उन्होंने आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी और दिल्ली के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टीज से अपनी पढ़ाई पूरी की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित