अमरोहा , मई 04 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-09 पर सोमवार को एक सड़क हादसे में कार सवार महिला और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गजरौला थाना क्षेत्र में बिजौरा ढाल के पास दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के मोहल्ला सोसायटी निवासी पुष्पा देवी (65) और कार चालक नवीन (50) की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पुष्पा देवी के पुत्र सुमित अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित