अमरोहा , अक्टूबर 28 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा के बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव मेहम्दी में फाइनेंस कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई है। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। हालांकि, मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि डायल 112 पीआरवी से सूचना मिली थी कि आज दोपहर करीब 12 बजे घर के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनकर चाचा महेश मौके पर पहुंचे। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर जब वे भीतर गए, तो गौरव (24) चारपाई पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। उसके सीने के बाईं ओर गोली लगी थी। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए तथा घटनास्थल से तमंचा बरामद किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजलि कटारिया ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

गौरतलब है कि मृतक के पिता रामवीर सिंह और मां निर्दोष देवी की पूर्व में सड़क हादसों में मौत हो चुकी है। माता-पिता के निधन के बाद से गौरव खेतीबाड़ी संभालने के साथ वह घर में अकेला रहता था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि वह खुद अविवाहित था और मुरादाबाद की एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था। वह बुधवार सुबह ही घर लौटा था।

थाना पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना डायल 112 पीआरवी पर मृतक के चाचा द्वारा दी गई थी। पुलिस जमीन-जायदाद, पारिवारिक परिस्थितियों और नौकरी के दबाव समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इसके साथ ही, गौरव के मोबाइल फोन के रिकॉर्ड और हालिया गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित