अमरोहा , मई 18 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान 225 नए अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति और आगामी योजना की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि तहसील स्तरीय चयन समिति के माध्यम से पात्र ग्राम पंचायतों का चयन कर भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए तथा प्रस्ताव सहित रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराई जाए। बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी श्रीमती रीना कुमारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में मनरेगा योजना के तहत जनपद में 66 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया गया था। इसी क्रम में वर्ष 2024-25 में 70 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 68 अन्नपूर्णा भवनों हेतु भूमि चयनित की गई थी, जिनमें से 63 भवन वर्तमान में निर्माणाधीन हैं, जबकि पांच स्थानों पर तकनीकी एवं अन्य कारणों से निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मौके पर उत्पन्न समस्याओं का तत्काल समाधान कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराएं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए ब्लॉकवार लक्ष्य भी निर्धारित कर दिए गए हैं। इसके तहत जोया, हसनपुर, गंगेश्वरी और अमरोहा ब्लॉक में 38-38 अन्नपूर्णा भवन बनाए जाएंगे, जबकि गजरौला में 36 और धनौरा ब्लॉक में 37 भवनों के निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा चयन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित