अमरोहा , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में बुधवार तड़के हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों में कार चालक को छोड़कर अन्य तीन युवक पश्चिम बंगाल में मालदा जिले के निवासी थे।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-09 पर गजरौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत नायरा पेट्रोल पंप के नजदीक तड़के करीब चार बजे मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार वैगन-आर कार अनियंत्रित होकर अपने आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार छह लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

उन्होने बताया कि कार में सवार लोगों में से चालक सलमान रामपुर का निवासी था, जबकि अन्य पांच लोग पश्चिम बंगाल के जिला मालदा के रहने वाले थे। ये सभी पांचों युवक बनारस में रहकर हाफिजी की पढ़ाई कर रहे थे और करीब तीन दिन पहले बरेली घूमने आए थे। बरेली की जियारत पूरी करने के बाद वे वापस लौटने के लिए दिल्ली जा रहे थे, जिसके लिए उन्होंने रात करीब दो बजे वैगन-आर कार बुक की थी, जो गजरौला में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में जान गंवाने वालों की शिनाख्त कार चालक सलमान निवासी रामपुर, मसूद, नसीमुल और हासिम निवासीगण मालदा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल हुए दो अन्य युवकों के नाम सोहेल और असलम हैं, जिनका इलाज फिलहाल जीवन 24 अस्पताल में चल रहा है। हादसे की चपेट में आए सभी की उम्र लगभग 25-26 वर्ष बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित