अमरोहा , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए राजमिस्त्री की हत्या की आरोपी पत्नी समेत तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के पिपलौती कलां गांव में शनिवार रात राजमिस्त्री मेहराज उर्फ मिराज (30) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या से पहले आरोपियों ने उसे नशीली गोलियां खिलाकर बेहोश किया, फिर हाथ-पैर बांधकर धारदार हथियार से गला रेत दिया। इसके बाद शरीर पर कई जगह वार किए गए। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी रूही ने अपने प्रेमी (बहन के देवर) और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी। बताया गया कि रूही का अपने रिश्तेदार से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वह पति के साथ नहीं रहना चाहती थी।
पुलिस पूछताछ में रूही समेत दो आरोपियों ने हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
घटनाक्रम के अनुसार मेहराज दिल्ली में राजमिस्त्री का काम करता था और कुछ दिन पहले घर आया हुआ था। शनिवार रात वह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ घर में सो रहा था। रविवार सुबह परिजनों ने उसका खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पत्नी की भूमिका संदिग्ध मिलने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित