अमरोहा , सितंबर 23 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पुलिस के दरोगा और सिपाही समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवान भी शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार देर रात बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत पर हसनपुर पुलिस ने दरोगा संजय तोमर, सिपाही प्रमोद तथा सीआरपीएफ के दो जवानों विक्की उर्फ मोहित और लालाराम यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चारों के खिलाफ धारा 70(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार पीड़िता पूर्व से परिचित सीआरपीएफ जवान विक्की उर्फ मोहित और लालाराम यादव के साथ 22 सितंबर को अमरोहा आई थी। दोनों जवान उसे हसनपुर क्षेत्र में लेकर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार दोनों की मुलाकात हसनपुर कोतवाली में तैनात दरोगा संजय तोमर से हुई।

आरोप है कि इसके बाद चारों ने झुलपुरी स्थित एक फार्महाउस में दो कमरे किराये पर लिए। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही प्रमोद भी वहां भोजन लेकर पहुंचा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि फार्महाउस में रुकने के दौरान चारों ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद हसनपुर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक अंकुर मलिक, उपनिरीक्षक प्रवीण तोमर, कांस्टेबल अतुल मलिक, कांस्टेबल साहिल और महिला कांस्टेबल प्रेरणा सैनी की विशेष टीम गठित की। टीम ने चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस की ओर से आरोपों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित