अमरोहा , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में मादा कुत्ते के साथ कथित अप्राकृतिक कृत्य करने के मामले में पुलिस ने आरोपी शकील उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पशुप्रेमियों में नाराजगी है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के कंकर वाला कुआं मोहल्ले में शनिवार देर शाम एक मादा कुत्ते के साथ कथित अप्राकृतिक कृत्य किए जाने का मामला सामने आया था। रविवार को सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित क्षेत्र के कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर करीब 40 वर्षीय शकील उर्फ पप्पू, निवासी हसनपुर, की पहचान की गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना सामने आने के बाद पशुप्रेमियों ने नाराजगी जताते हुए मामले की त्वरित सुनवाई और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पशुप्रेमी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि बेजुबान पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों में समयबद्ध और सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित