अमरोहा , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक मजदूर की घर में सोते समय हाथ-पैर बांधकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि हसनपुर थाना क्षेत्र के पिपलोती कलां गांव में बीती रात अज्ञात हमलावरों ने टिनशेड में सो रहे मेहराज (35) उर्फ मिराज की निर्मम हत्या कर दी। हमलावरों ने पहले उसके हाथ-पैर बांधे और फिर धारदार हथियार से गला रेत दिया। घटना के समय उसकी पत्नी रूही और दो छोटे बच्चे पास ही चारपाइयों पर सो रहे थे, हालांकि बच्चों को कोई चोट नहीं आई, जबकि पत्नी बेहोशी की हालत में मिली।
मृतक दिल्ली में बेलदारी का काम करता था और चार दिन पहले ही गांव लौटा था। सुबह उसके पिता मौबीन जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने बेटे का खून से लथपथ शव देखा। हाथ-पैर बंधे होने और गर्दन पर गहरे घाव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों के साथ मौके से साक्ष्य जुटाए। बेहोश मिली पत्नी को अस्पताल भिजवाया गया, हालांकि होश में आने के बाद भी वह घटना के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बता सकी है। मृतक के पिता का कहना है कि पुत्रवधू घटना की चश्मदीद हो सकती है और उसी से घटना का सुराग मिल सकता है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं जैसे पुरानी रंजिश, लेन-देन के विवाद और अन्य कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों ने जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित