अमरोहा , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में बेरोजगार युवाओं को नौकरी झांसा देकर अवैध नेटवर्क मार्केटिंग चलाने के आरोपी नौ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि मुख्य आरोपी फरार है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मुरादाबाद जिले के मूढापांडे थाना क्षेत्र स्थित सिरसखेड़ा निवासी पीड़ित सचिन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर गजरौला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज़ कर, कार्रवाई करते हुए ग्राम गंगानगर स्थित ठिकाने से नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया और बंधक बनाकर एक मकान में रखे गए दिल्ली, उत्तराखंड, बरेली, पीलीभीत व शाहजहांपुर समेत विभिन्न जनपदों के 14 युवकों को मुक्त कराया।

पुलिस ने मौके से सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, कूटरचित स्टाम्प पेपर सहित 20 आवेदन पत्र, तीन रजिस्टर, दो डायरी और 39 हज़ार 500 रुपये नकदी बरामद की गई है, जिसके आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाई गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अनुज व अरुण शर्मा (मेरठ), फहीम अहमद (मुजफ्फरनगर), चंद्रपाल व रूपेंद्र कुमार (बरेली), अजीत चौधरी (बस्ती), राजेंद्र सिंह व अभिषेक कुमार (उधम सिंह नगर, उत्तराखंड) तथा रोहित सिंह (रामपुर) शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि वे "भारत एसोसिएट" नाम से फर्जी कंपनी चलाकर सोशल मीडिया व संपर्क के जरिए बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देते थे तथा रजिस्ट्रेशन और ट्रेनिंग के नाम पर 15 से 30 हजार रुपये ऐंठते थे।सवाल करने पर पीड़ितों के साथ मारपीट की जाती थी। मुख्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है, गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित