अमरोहा , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में बीती रात पुलिस और गौतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में दो गो तस्करों को धर दबोचा गया। मुठभेड़ में घायल एक बदमाश और एक सिपाही को अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि डिडौली थाना क्षेत्र के तबई गांव के जंगल में तालाब के पास कुछ व्यक्तियों द्वारा गोकशी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया, तभी आरोपियों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक गौतस्कर के पैर में गोली लगी, जबकि दिलशाद नामक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस ने बिलाल और महजाद निवासी गांव तबई, थाना डिडौली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, गोकशी के उपकरण तथा रस्सियों से बंधे दो गोवंश बरामद किए हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोया में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार जिले में नेशनल हाईवे-09, हसनपुर-संभल मार्ग तथा स्टेट हाईवे-51 गजरौला-चांदपुर मार्ग पर गोवंशीय पशुओं की तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि सक्रिय तस्करी गिरोहों की पहचान कर पूरे नेटवर्क का जल्द खुलासा किया जाएगा और फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित