अमरोहा , अक्टूबर 08 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले की हसनपुर तहसील क्षेत्र के रूखालू गांव में पिछले पांच वर्षों से जलभराव और कीचड़ की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बच्चों को स्कूल भेजना बंद करने के साथ मकान बेचकर गांव से पलायन करने को मजबूर होंगे।

उत्तर प्रदेश यूथ एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व बबलू राणा ने किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के करीब 15 से 20 परिवार पांच वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे हैं। घरों के बाहर मुख्य रास्ते पर दो से तीन फीट तक पानी और कीचड़ जमा रहता है, जिससे करीब 30 से 40 बच्चों समेत ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है।

प्रदर्शनकारियों ने उप जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर स्थानीय लेखपाल और ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। बरसात खत्म होने के बाद भी रास्तों पर लंबे समय तक पानी और कीचड़ जमा रहता है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों ने बताया कि इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर बच्चों को रोज स्कूल जाना पड़ता है। फिसलन के कारण कई बार बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में मौके का स्थलीय निरीक्षण कराने तथा जलनिकासी और सड़क निर्माण की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की। प्रदर्शन के बाद उप जिलाधिकारी ने तहसील से राजस्व टीम को मौके पर भेजा है।

धरने में कमलेश, श्यामली, चंद्रभान, सुंदर, रवि, रोदास, तारावती, विजयपाल, द्रौपदी, सोनू, जसमाल, रूपचंद, रामकेश, मुंशी, होराम, जगराम सिंह, बॉबी और लालमन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित