अमरोहा , जुलाई 8 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। घने काले बादलों और तेज हवाओं के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश से पूरे जिले में मौसम सुहाना हो गया तथा कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि, लगातार वर्षा के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई।
सुबह से शुरू हुई बारिश का असर जिला मुख्यालय अमरोहा के अलावा गजरौला, जोया, डिडौली, नौगांवा सादात, हसनपुर, आदमपुर, रहरा, मंडी धनौरा समेत जिले के अधिकांश क्षेत्रों में देखने को मिला। लगातार बारिश के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने भीषण गर्मी से राहत महसूस की।
मौसम में आए बदलाव का असर वन्यजीवों पर भी दिखाई दिया। वन विभाग के अनुसार हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य में प्राकृतिक जलस्रोतों और तालाबों में पानी बढ़ने से जंगली पशु-पक्षियों को राहत मिली है। पिछले कई दिनों से गर्मी के कारण जलस्रोतों में पानी की कमी महसूस की जा रही थी, लेकिन वर्षा के बाद वन्यजीव अधिक सक्रिय नजर आने लगे हैं।
वहीं, लगातार बारिश ने मंडी धनौरा क्षेत्र में नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल भी खोल दी। कलाली मार्ग पर भारी जलभराव होने से आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाढ़ खंड नाले की सफाई के दौरान निकाला गया कचरा और मलबा समय पर नहीं हटाया गया, जिससे वर्षा का पानी उसे दोबारा नाले में बहाकर ले गया और निकासी बाधित होने से जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई। स्थानीय नागरिकों ने इस संबंध में पहले भी क्षेत्रीय विधायक और प्रशासन से शिकायत किए जाने की बात कही है।
तेज हवा और बारिश के दौरान एहतियातन जिले के कई हिस्सों में विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हुए। हालांकि, लोगों ने भीषण गर्मी और उमस से मिली राहत का स्वागत किया। मौसम विभाग के अनुसार जिले में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर वर्षा होने की संभावना बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित