अमरोहा , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में दो युवकों को बंधक बनाकर घंटों तक यूकेलिप्टस के पेड़ से लटकाने और उनके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गजरौला थाना क्षेत्र के गांव भुड्डेवाली निवासी दीपक और उसके जीजा डालू निवासी नया बांस मंगलवार रात किसी काम से गंगा खादर क्षेत्र के शीशोवाली गांव गए थे। इसी दौरान उनका वहां के कुछ परिचित लोगों से विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने दोनों को बंधक बना लिया और उनके हाथ-पैर बांधकर यूकेलिप्टस के पेड़ों के बीच लटका दिया। पीड़ितों का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई।
वहीं, शीशोवाली गांव के कुछ ग्रामीणों का दावा है कि दोनों युवक खेतों में पशुओं को भगाने के लिए लगाई गई झटका मशीन चोरी करने का प्रयास कर रहे थे और उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया गया था। इसके बाद उन्हें बांधकर रखा गया। बताया गया कि यह घटनाक्रम रात करीब दो बजे शुरू हुआ और सुबह तक जारी रहा। बुधवार सुबह लगभग 9:30 बजे किसी ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को मुक्त कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर गजरौला थाने में छह लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राथमिक जांच में छह आरोपियों की पहचान की गई है। इनमें से महिपाल, चरण सिंह और नंदराम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पक्षों के बयानों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित