अमरोहा , नवंबर 09 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में गौ तस्करों की दुस्साहसिक गतिविधियां बढ़ने को लेकर विहिप द्वारा हंगामे व नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लकड़ा में गोवंशीय मांस मिलने के बाद पुलिस ने सोमवार को वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहसिन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।नामजद आठ की तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है।पुलिस ने आठ आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि चौकी प्रभारी सब इंसपेक्टर संजीव बालियान, हेड़ कांस्टेबल साजिद अली तथा सिपाही मोहित भड़ाना समेत तीन पुलिसकर्मियों के निलंबन की जानकारी भी सामने आई है।

सूत्रों ने बताया कि दीपावली की पूर्व संध्या पर शनिवार रात करीब नौ बजे रज्जाक चौकी से मात्र सौ कदम की दूरी पर मछली वाली गली में मीट की दुकान के पास ई-रिक्शा में मांस मिलने की सूचना फैली थी। बताया गया कि सड़क पर खड़े ई-रिक्शा से एक बाइक टकराई, जिसके बाद उसमें रखे अवशेष सड़क पर बिखर गए। पुलिस के पहुंचने से पहले मांस विक्रेता मौके से भाग निकला और ई-रिक्शा चालक को हिरासत में ले लिया गया।इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेजा जा चुका है।

गौमांस मामले की सूचना मिलने पर बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर जुट गए। उन्होंने ई-रिक्शा को खींचते हुए लकड़ा चौराहे तक पहुंचाया,जहाँ सड़क पर मांस के टुकड़े रखकर जाम लगा दिया और पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने चौकी प्रभारी की शह पर गोकशी होने का आरोप लगाते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों पर और आरोपियों पर ऐसी कठोर कार्रवाई की मांग की जो औरों के लिए नज़ीर बने।

धरना प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी डॉ. प्रदीप कुमार और नगर कोतवाल सीपी शुक्ल के समझाने पर भी कार्यकर्ता नहीं माने और लंबे समय तक पुलिस से तीखी नोकझोंक होती रही। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर जनपद के नौगावां सादात, अमरोहा देहात और डिडौली कोतवाली समेत अन्य थानों से पुलिस बल बुलाना पड़ा था। बजरंग दल के प्रांत गोरक्षा प्रमुख हेमंत सारस्वत ने जिस मकान में गोकशी हुई, उसे सील कर बुलडोजर कार्रवाई तथा आसपास के घरों की जांच कराने की मांग पर डटे हुए थे।

पुलिस के अनुसार मौके से 45 किलो मांस, ई-रिक्शा और कटान के उपकरण बरामद किए गए है। सोमवार को पूर्व में वांछित चल रहे एक अन्य आरोपी मोहसिन की मुठभेड़ में गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शेष आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित