अमरोहा , अप्रैल 12 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में अनियंत्रित कार सूखे तालाब में गिरने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि संभल जिले के थाना नखासा क्षेत्र निवासी फैजान, अली और अमन कार से हसनपुर स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां जा रहे थे। अमरोहा जिले के थाना सैदनगली क्षेत्र के समीप सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में चालक संतुलन खो बैठा, जिससे कार सड़क किनारे स्थित सूखे तालाब में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए पहुंचे और कार के शीशे तोड़कर भीतर फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ना प्रतीत हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित