अमरोहा, जून 29 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने हसनपुर तहसील के कानूनगो अरविंद कुमार शर्मा को सोमवार को गजरौला स्थित एक मिठाई की दुकान पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि एक किसान ने राजस्व संबंधी कार्य को कराने के लिए कानूनगो शर्मा से संपर्क किया था और शर्मा ने कार्य करने के बदले किसान से 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। किसान ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसीबी टीम ने घूसखोर के आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

तय योजना के अनुसार किसान ने सोमवार को गजरौला स्थित एक स्वीट्स की दुकान पर कानूनगो को रिश्वत लेने के लिए बुलाया और रिश्वत की रकम उसके हाथों में सौंप दी। जैसे ही कानूनगो ने 10 हजार रुपये अपने कब्जे में लिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी ने उसे गिरफ्त ले लिया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गयी।

घूसखोर राजस्व कर्मी के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही जिले भर का राजस्व विभाग सतर्क हो गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित