अमरोहा, अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में खेतों से गुजर रहीं जर्जर हालत में एलटी लाइन की चपेट में आने से ग्राम प्रधान के काश्तकार भाई की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव इब्राहिम माफी में आज सुबह खेत पर काम कर रहे किसान जतन सिंह (50) की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक ग्राम प्रधान जबर सिंह के भाई बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जतन सिंह रोज की तरह आज़ शाम करीब चार बजे अपने खेत पर सिंचाई करने पहुंचे थे। ट्यूबवेल चालू करने के बाद वह खेत में काम कर ही रहे थे कि ऊपर से गुजर रही एलटी लाइन का तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा। हाई वोल्टेज बिजली लाइन से तेज करंट लगते ही वह वहीं गिर पड़े और बेहोश हो गए।
आसपास के किसानों ने जब उन्हें गिरा देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की।परिजन भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मंडी धनौरा के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, जहां स्वास्थ्य परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के पास गुजर रही बिजली लाइनों की उचित देखरेख नहीं हो रही, जो इस तरह के हादसों की वजह बन रही है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग उठाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित