अमरोहा , मई 27 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में स्वास्थ्य विभाग और हरियाणा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय भ्रूण लिंग जांच गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और 1.33 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सावेडा की मढ़ैया में अवैध भ्रूण लिंग जांच केंद्र संचालित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर हरियाणा के रोहतक और झज्जर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अमरोहा स्वास्थ्य विभाग के साथ संयुक्त छापेमारी की।

अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के तहत एक महिला को डिकोय ग्राहक बनाकर भेजा गया था। 35 हजार रुपये में लिंग जांच का सौदा तय होने के बाद टीम ने बुधवार दोपहर करीब तीन बजे दबिश दी। मौके पर करनखाल निवासी मुख्य आरोपी देवेंद्र पोर्टेबल मशीन से भ्रूण लिंग जांच करते हुए पकड़ा गया। टीम ने हरियाणा निवासी कथित दलाल रविंद्र सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया।

अमरोहा के जिला नोडल अधिकारी डॉ. जसकरण ने बताया कि स्थानीय स्तर पर सूचना लीक होने की आशंका के चलते बाहरी राज्यों की टीमों के साथ मिलकर यह साझा डिकोय ऑपरेशन चलाया गया। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. विश्वजीत के अनुसार मुख्य आरोपी देवेंद्र पहले भी 19 अगस्त 2025 को भ्रूण लिंग जांच के मामले में पकड़ा जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा गिरोह सक्रिय कर लिया था।

अधिकारियों का कहना है कि हरियाणा में सख्ती बढ़ने के बाद एजेंट उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों को सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। छापेमारी में नायब तहसीलदार नेहा सागर और हरियाणा के डॉ. संदीप दलाल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने संबंधित मकान को सीज कर सभी आरोपियों के खिलाफ पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत हसनपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित