अमरोहा , अक्टूबर 15 -- उत्तर प्रदेश में अमरोहा जिला प्रशासन ने कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिये है। राजकीय गंगा मेला तिगरी-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने गुरुवार को संबंधित अधिकारियों के साथ जूम के माध्यम से बैठक कर विभागवार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित निविदा प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने और मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुगम आवागमन पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। राजकीय गंगा मेला तिगरी का आयोजन 15 से 25 नवंबर तक प्रस्तावित है, जबकि मुख्य स्नान पर्व 24 नवंबर को होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं। जिन विभागों में अभी तक निविदा प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, वे नियमानुसार इसे शीघ्र पूरा कर टेंडर चयन की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और तैयारियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में सड़कों और अस्थायी मार्गों के निर्माण, स्नान घाटों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, अस्थायी शौचालय, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। इसके साथ ही चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था, खोया-पाया केंद्र, सीसीटीवी कैमरों और संचार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित