नागपुर , अप्रैल 19 -- महाराष्ट्र के अमरावती जिले में सामने आए यौन शोषण मामले में नागपुर की एक 15 वर्षीय किशोरी ने पहली बार औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। राज्य के संरक्षक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने रविवार को इसकी पुष्टि की।

श्री बावनकुले ने बताया कि नाबालिग का बयान दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने इसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताते हुए कहा कि पुलिस लगातार पीड़ितों से आगे आने की अपील कर रही थी, लेकिन अब तक कोई सामने नहीं आया था।

इस मामले में पुलिस अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क तथा एक टैबलेट समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। इन सभी को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार है।

इस मामले में जांच 11 अप्रैल को शुरू हुई थी, जब सोशल मीडिया पर नाबालिग लड़कियों के अश्लील वीडियो और तस्वीरें सामने आई थीं। मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद (19) को 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कथित रूप से कठोरा रोड स्थित एक किराए के फ्लैट का इस्तेमाल पीड़ितों के शोषण के लिए करता था और अचलपुर, परतवाड़ा के कैफे तथा वज्जर बांध के पास स्थित एक बगीचे सहित कई स्थानों पर उनसे मिलता था। प्रशासन ने शिकायतकर्ता की पहचान सुरक्षित रखने के लिए सख्त उपाय किए जाने का आश्वासन दिया है।

श्री बावनकुले ने कहा कि सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और इसमें शामिल सभी लोगों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अन्य पीड़ितों से भी बिना डर आगे आने की अपील करते हुए पूर्ण सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित