विजयवाड़ा , अप्रैल 03 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि संसद में विधेयक पारित होने के बाद अमरावती राजधानी के निर्माण को अब कोई नहीं राेक सकता है।

उन्होंने संसद में इस विधेयक को मिले व्यापक समर्थन के लिए आभार जताते हुए विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उसने राज्य के हितों के खिलाफ जाकर इसका विरोध किया।

मुख्यमंत्री ने अमरावती विकास कार्यों को 2028 तक पूरा करने की समय सीमा तय करते हुए कहा कि यह शहर राज्य के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा और 2047 तक 2.4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगा।

श्री नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश से चुने गए वाईएसआरसीपी सांसद राज्य की भावनाओं और हितों की रक्षा करने में विफल रहे। उन्होंने दोहराया कि अमरावती का विकास किसी भी स्थिति में नहीं रुकेगा और प्रमुख परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।

उन्होंने कहा कि अमरावती राजधानी परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी और 2029 में प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन भी उनके ही हाथों होने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित