विजयवाड़ा , जुलाई 24 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि क्वांटम कंप्यूटिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) भविष्य के विकास की प्रमुख तकनीकें हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार अमरावती में 'क्वांटम वैली' स्थापित कर रही है, ताकि इस क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी विकास को बढ़ावा दिया जा सके।
मुख्यमंत्री ने यहां विश्व की प्रमुख क्वांटम कंप्यूटिंग कंपनी 'क्वांटिनम' के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजीव हाजरा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल से शुक्रवार को सचिवालय में मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अमरावती क्वांटम कंप्यूटिंग सेंटर के इस वर्ष दिसंबर तक चालू होने की उम्मीद है।
बैठक के दौरान अमरावती क्वांटम वैली को क्वांटम नवाचार, उन्नत अनुसंधान और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी विकास के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा की गई।
क्वांटिनम के सीईओ ने 'राष्ट्रीय क्वांटम मिशन' के अनुरूप आंध्र प्रदेश में एक विश्व स्तरीय क्वांटम पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के लिए साझेदारी करने में अपनी कंपनी की रुचि व्यक्त की।
इस अवसर पर श्री नायडू ने कहा कि अमरावती क्वांटम अनुसंधान और नवाचार के लिए एक आदर्श स्थान है। उन्होंने रेखांकित किया कि अमरावती क्वांटम कंप्यूटिंग सेंटर दिसंबर तक शुरू होने की उम्मीद है और राज्य में क्वांटम परीक्षण सुविधाएं पहले ही परिचालन शुरू कर चुकी हैं।
चर्चा में क्वांटम कौशल विकास, एआई-सक्षम क्वांटम अनुप्रयोगों, उन्नत कंप्यूटिंग अनुसंधान, स्टार्टअप इनक्यूबेशन और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित