नयी दिल्ली , अप्रैल 02 -- आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश के नेतृत्व में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) नेताओं ने संसद में आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026 पारित होने और अमरावती को राज्य की स्थायी राजधानी घोषित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का आभार व्यक्त किया।
श्री लोकश ने इसे "राज्य के विकास की दिशा में मील का पत्थर" बताते हुए कहा कि इससे लंबे समय से अनिश्चितता झेल रहे किसानों और नागरिकों को राहत मिली है। संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात के दौरान उन्होंने सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित कराने के लिए उनका धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के सहयोग से विधायी प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी रही, जिससे यह ऐतिहासिक निर्णय संभव हो सका। यह विधेयक बुधवार को लोकसभा में ध्वनिमत से पारित हुआ था और गुरुवार को राज्यसभा ने भी इसे मंजूरी दे दी।
दिल्ली में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री लोकश ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र और स्थायी राजधानी घोषित करने का संकल्प लिया गया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री के सहयोग से विधेयक को दिल्ली लाया गया, आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं और दोनों सदनों से पारित कराया गया।
उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया, जबकि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि स्पष्ट जनादेश के बावजूद उसने दोनों सदनों से बहिर्गमन किया।
श्री लोकश ने कहा कि इस निर्णय से सड़क, सचिवालय, विधानसभा और उच्च न्यायालय सहित सभी प्रमुख परियोजनाओं का कार्य फिर से शुरू हो गया है और उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा। इससे निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर सृजित होंगे और अमरावती के विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने किसानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह निर्णय उन किसानों की जीत है जिन्होंने अपनी जमीन दी, कठिनाइयां झेली और अमरावती को एकमात्र राजधानी बनाए रखने के लिए संघर्ष किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित