जम्मू , अप्रैल 12 -- जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को घोषणा की कि श्री अमरनाथ यात्रा इस वर्ष तीन जुलाई से शुरू होगी और 28 अगस्त को समाप्त होगी।

उपराज्यपाल ने कहा कि भगवान शिव का आशीर्वाद लेने के लिए प्रथम पूजा 29 जून 2026 को ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन आयोजित की जाएगी। यहाँ लोक भवन में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि कुल 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के लिए अग्रिम पंजीकरण 15 अप्रैल 2026 से ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से शुरू होगा।

श्री सिन्हा ने कहा, "पंजीकरण की सुविधा देश भर में जम्मू-कश्मीर बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और यस बैंक की 554 शाखाओं में उपलब्ध होगी।"उप राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक पंजीकृत तीर्थयात्री और सेवा प्रदाता को रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन डिवाइस (आरएफआईडी) जारी किया जाएगा। पंजीकृत तीर्थयात्रियों को प्रति व्यक्ति 10 लाख रुपये की बढ़ी हुई बीमा राशि के साथ समूह दुर्घटना बीमा मिलेगा। राष्ट्रीय पशुधन मिशन के माध्यम से खच्चरों की आकस्मिक और प्राकृतिक दोनों तरह की मृत्यु के लिए पचास हजार रुपये प्रति पशु का कवरेज प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित